548 खिलाड़ियों के बीच राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज
अपर आयुक्त अमित कुमार सिंह ने रैली खेलकर किया शुभारंभ, मेरठ के खिलाड़ियों ने भी दिखाया दमखम
मेरठ, 29 अगस्त। शहर में शनिवार को Yonex-Sunrise 2nd U.P. State Sub Junior Major Badminton Tournament-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग की इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 548 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 10 इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अपर आयुक्त मेरठ अमित कुमार सिंह रहे। आयोजन समिति ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास, मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इसके बाद अपर आयुक्त ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर रैली खेली और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। मुकाबले शुरू होते ही कोर्ट पर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
अंडर-15 बालक एकल के राउंड-256 में मेरठ के खिलाड़ियों ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया। दाईविक ने नोएडा के प्रियम गुप्ता को 30-16, वेदांत विहान ने आगरा के अभिनंदन जादौन को 30-23 और कुशाग्र गौर ने गोरखपुर के युवराज सिंह को 30-22 से हराया। मानव बालियान ने लखनऊ के सैयद तकी हैदर को 30-24, आदि चंदेल ने अलीगढ़ के आदित प्रताप सिंह को 30-23 और आरव चौधरी ने प्रयागराज के श्रेयश कुमार को 30-27 से शिकस्त दी।
अंडर-17 में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आगामी दौर में मुकाबले और रोमांचक होने की उम्मीद है।
आयोजन में सचिव राजेश चौधरी, ज्वाइंट सेक्रेटरी पंकज सिंह, आयोजन सचिव अमित सिंह और आयोजन महासचिव विशेष ककराना समेत समिति के पदाधिकारियों ने व्यवस्थाएं संभालीं।


No comments:
Post a Comment