‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजा स्कूल परिसर

तिरंगा लेकर निकले छात्र, देशभक्ति गीतों और कविताओं से बच्चों में जगाई राष्ट्रप्रेम की भावना

मेरठ। मेरठ कैंट स्थित गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में ‘वंदे मातरम्’ के महत्व और राष्ट्रीय भावना को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से की। इस दौरान विद्यार्थियों को गीत के गौरव, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और राष्ट्रीय महत्व की जानकारी दी गई।

शिक्षिकाओं ने बच्चों को बताया कि ‘वंदे मातरम्’ का अर्थ ‘मैं तुम्हें नमन करता हूं, मां’ है। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों और क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति सम्मान, एकता और बलिदान की भावना का प्रतीक है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और कविताओं की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद बच्चों ने हाथों में तिरंगा और ‘वंदे मातरम्’ लिखी पट्टिकाएं लेकर मार्च निकाला। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से स्कूल परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

प्रधानाचार्य डॉ. गोपाल दीक्षित ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश के लिए समर्पण और बलिदान की प्रेरणा देता है। स्वतंत्रता संग्राम में लाखों देशवासियों ने इसी भावना के साथ अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की मिट्टी का सम्मान करने और राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts