कांवड़ यात्रा को लेकर औघड़नाथ मंदिर में परखी गई हर व्यवस्था

आयुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण, रूट से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक परखे इंतजाम

 मेरठ। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को लगातार परखा जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को आयुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे ने संबंधित अधिकारियों के साथ बाबा औघड़नाथ मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

 अधिकारियों ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आवागमन की व्यवस्था, निर्धारित रूट, बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और पार्किंग व्यवस्था को भी परखा गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अफसरों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मंदिर समिति के सदस्यों से वार्ता कर मंदिर परिसर में की गई तैयारियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारियों ने बाबा औघड़नाथ मंदिर में जलाभिषेक भी किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एमडीए उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, अपर आयुक्त अमित कुमार, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और मंदिर समिति के सदस्य मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts