कबड्डी खिलाड़ी की सिर में गोली मारकर हत्या

गन्ने के खेत में मिला 22 वर्षीय युवक का शव, चकरोड पर पड़ी मिली बाइक और खोखा

शामली। कांधला थाना क्षेत्र के नाला जंगल गांव में शनिवार सुबह एक 22 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव रजवाहे की पटरी के पास गन्ने के खेत में मिला, जबकि उसकी बाइक करीब 10 मीटर दूर चकरोड पर पड़ी थी। मौके से एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। हत्या के कारणों और हमलावरों का अभी पता नहीं चल सका है।

बागपत के ककड़ीपुर गांव निवासी मोहना उर्फ मोनू पुत्र सुरेंद्र कबड्डी खिलाड़ी होने के साथ फसलों में दवाई का छिड़काव करने का काम भी करता था। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे वह नाला गांव में मजदूरों को लेने के लिए बाइक से निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

इसी दौरान किसान परविंदर ने रजवाहे की पटरी के पास अपने गन्ने के खेत में मोनू का शव पड़ा देखा। उसके सिर में गोली लगी थी। बाइक घटनास्थल से करीब 10 मीटर पहले चकरोड पर पड़ी थी। किसान ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर एएसपी सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार और भारी पुलिस बल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी मिला है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

युवक की हत्या की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर पिता बदहवास हो गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts