पेड़ से टकराई अर्टिगा कार, दो दोस्तों की मौत
गैस कटर से काटकर निकाले गए शवबुलंदशहर।बुलंदशहर में सोमवार तड़के तेज रफ्तार अर्टिगा कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। सुबह टहलने निकले एक युवक ने दुर्घटनाग्रस्त कार देखी और शोर मचाकर पुलिस व ग्रामीणों को सूचना दी।
हादसा इतना भीषण था कि कार के दरवाजे और बॉडी पूरी तरह जाम हो गए। दोनों के शव अंदर बुरी तरह फंस गए थे। पुलिस ने जेसीबी और गैस कटर से कार का अगला हिस्सा काटकर शवों को बाहर निकाला।
हादसा जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव में हुआ। पुलिस यह जांच कर रही कि हादसा कार के अनियंत्रित होने से हुआ या कोई अन्य वजह है।
डिबाई कस्बे के रहने वाले हिमांशु अग्रवाल (30) और मन्नू (22) अच्छे दोस्त थे। हिमांशु शहर में बुक स्टोर चलाता था। उसके पिता विनीत अग्रवाल भी दुकान पर हाथ बंटाते थे। वहीं, मन्नू शादी और अन्य कार्यक्रमों में फोटोग्राफी करता था। शहर में उसका एक स्टूडियो भी है। उसके पिता रामजी लाल खेती करते हैं।
हिमांशु की दो साल पहले कांक्षी से शादी हुई थी। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई भी बुक स्टोर संभालता है। मन्नू के परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है।
सोमवार तड़के दोनों किसी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। हिमांशु अपने एक दोस्त से अर्टिगा कार लेकर आया था। कार मन्नू चला रहा था। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर नीम के पेड़ से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 80-90 किमी प्रति घंटा थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मन्नू स्टेयरिंग में और हिमांशु डैशबोर्ड में बुरी तरह फंस गया। दोनों काफी देर तक कार में फंसे रहे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सुबह दौड़ने निकले एक युवक ने दुर्घटनाग्रस्त कार देखी और पुलिस व ग्रामीणों को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक शव निकालने की कोशिश की, लेकिन वे बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद जेसीबी और गैस कटर की मदद से कार का अगला हिस्सा काटकर दोनों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस को कार के अंदर से शराब की बोतलें भी मिली हैं। हालांकि, दोनों ने शराब पी थी या नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपेार्ट के बाद ही हो सकेगी।
अहमदगढ़ थाना प्रभारी विशंभर दयाल गंगवार ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।
.jpg)

No comments:
Post a Comment