संसद में आज भी हंगामा, दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित
नई दिल्ली (एजेंसी)।संसद के मानसून सत्र का आज 11वां दिन है। संसद में आज भी जमकर हंगामा हुआ जिसके बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। राम मंदिर चंदा चोरी और पप्पू यादव पर हुए हमले को लेकर पहले से ही सदन में हंगामे के आसार थे। दोपहर दो बजे के बाद जब दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हुई। लोकसभा में काफी हंगामा हुआ जिसके बाद सदन की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
अपने ऊपर हमले को लेकर सांसद पप्पू यादव ने सरकार को घेरा है। वहीं सांसद की सुरक्षा को लेकर एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भी लोकसभा स्पीकर से संज्ञान लेने की अपील की है। रविवार शाम सांसद पप्पू यादव पर उस वक्त हमला हुआ जब वो सनातन के अपमान के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे।
बता दें कि मानसून सत्र के लिए कुल 8 बिल लिस्ट किए गए थे जिनमें से दो सदन में पास हो चुके हैं। वंदे मातरम और पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन बिल दोनों सदनों से पास हो चुके हैं। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने मामल्लापुरम एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि संसद में परिसीमन विधेयक पारित करने संबंधी केंद्र सरकार के प्रयास को हर राष्ट्रीय और तमिल पार्टी को नाकाम करना चाहिए और इस विधेयक का समर्थन करना जनता के साथ विश्वासघात होगा।
बता दें कि इससे पहले 31 जुलाई को संसद में राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर काफी हंगामा हुआ था। विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे थे। यहां राहुल गांधी और कुछ अन्य सांसदों ने दान पेटी में चंदा डाला। इस पेटी को लेकर पप्पू यादव भागने लगे। इस तरह से चंदा चोरी का एक नाटक प्रस्तुत करने की कोशिश की गई। हालांकि संत समाज ने इस हरकत पर काफी नाराजगी जताई है।
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, "होम मिनिस्टर से पूछना चाहिए कि जंतर-मंतर पर स्टूडेंट्स के साथ क्या हुआ और अब एक एमपी के साथ क्या हुआ। लॉ एंड ऑर्डर की ऐसी हालत है। पूरा देश चाहता है कि प्रधानमंत्री देश के स्टूडेंट्स से माफी मांगें, लेकिन यहां प्रधानमंत्री स्टूडेंट्स को माफ कर रहे हैं। कल नीरव मोदी कहेगा कि उसने सभी बैंकों का कर्ज माफ कर दिया है। यह क्या है?"


No comments:
Post a Comment