मेरठ जोन पुलिस हॉकी में गौतमबुद्धनगर पुरुष और गाजियाबाद महिला चैंपियन
पुरुष फाइनल में मुजफ्फरनगर को 6-0 से हराया, महिला वर्ग में मेरठ को 1-0 से मिली शिकस्त
गौतमबुद्धनगर। शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में आयोजित 27वीं अंतरजनपदीय मेरठ जोन पुलिस हॉकी प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को समापन हो गया। पुरुष वर्ग के फाइनल में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मुजफ्फरनगर को 6-0 से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में गाजियाबाद पुलिस टीम ने मेरठ को 1-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
पुरुष वर्ग का फाइनल गौतमबुद्धनगर और मुजफ्फरनगर की टीमों के बीच खेला गया। गौतमबुद्धनगर के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले पर दबदबा बनाए रखा। टीम ने मुजफ्फरनगर को 6-0 से हराकर चल वैजयंती ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। मुजफ्फरनगर की टीम उपविजेता रही।
महिला वर्ग का फाइनल मेरठ और गाजियाबाद के बीच हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। गाजियाबाद की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेरठ को 1-0 से पराजित किया और महिला वर्ग की चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की। मेरठ की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में मेरठ जोन के आठ जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें कुल 175 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 122 पुरुष और 53 महिला खिलाड़ी शामिल रहे।
समापन समारोह में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, निर्णायकों और खिलाड़ियों का आभार जताया।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम, प्रतिसार निरीक्षक प्रथम सुरेश रॉय, प्रतिसार निरीक्षक द्वितीय कृष्णवीर सिंह, जिला हॉकी संघ के सचिव मंजीत सिंह, स्टेडियम मैनेजर हरे कृष्णा, पूर्व ओलंपियन रोमियो जेम्स सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment