स्वच्छ वायु को जनआंदोलन बनाने की पहल

आईएमए व एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में दो जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मेरठ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) मेरठ और एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के संयुक्त सहयोग से शनिवार को स्वच्छ वायु एवं स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा की।

दिन की शुरुआत एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में आयोजित पोस्टर डिसेमिनेशन कार्यक्रम से हुई, जहां "वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य" विषय पर तैयार जागरूकता पोस्टरों का वितरण किया गया। इस दौरान लंग केयर फाउंडेशन एवं Doctors for Clean Air and Climate Action (DFCA) की ओर से अंशिका कंसल और हृतिका गोगिया ने वायु प्रदूषण के बढ़ते दुष्प्रभावों, बचाव के उपायों और चिकित्सा समुदाय की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण केवल पर्यावरणीय नहीं, बल्कि गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट है, जिसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों तथा श्वसन और हृदय रोगियों पर पड़ता है।

इसके बाद आईएमए हॉल में "Air Pollution and Health Policy Brief" का औपचारिक विमोचन किया गया। कार्यक्रम में वायु प्रदूषण से उत्पन्न स्वास्थ्य चुनौतियों, उनके समाधान, नीतिगत सुझावों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

आईएमए मेरठ की अध्यक्ष डॉ. मनीषा त्यागी ने कहा कि स्वच्छ वायु प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की जिम्मेदारी केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को प्रदूषण से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने ऐसे जनजागरूकता अभियानों को समय की आवश्यकता बताते हुए चिकित्सा समुदाय से निरंतर सहयोग का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले वर्षों में श्वसन रोग, हृदय रोग, एलर्जी और अन्य गंभीर बीमारियों का बोझ लगातार बढ़ेगा। उन्होंने चिकित्सा समुदाय, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया।

Meerut Forum for Clean Air के बैनर तले आयोजित इस अभियान का नेतृत्व डॉ. संदीप जैन (चेयरमैन) और डॉ. सुमित उपाध्याय (प्रोजेक्ट लीड) ने किया। कार्यक्रम को एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं स्टाफ, आईएमए मेरठ की अध्यक्ष डॉ. मनीषा त्यागी, प्रेसिडेंट-इलेक्ट डॉ. आलोक अग्रवाल, डॉ. विजय सिंह, सचिव डॉ. विकास गुप्ता सहित शहर के अनेक वरिष्ठ चिकित्सकों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सहयोग प्राप्त हुआ।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts