गंगा का बढ़ता जलस्तर:

 हस्तिनापुर-चांदपुर मार्ग बंद, खादर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ा

मेरठ। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बिजनौर स्थित चौधरी चरण सिंह बैराज से करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद हस्तिनापुर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। एहतियातन प्रशासन ने हस्तिनापुर-चांदपुर संपर्क मार्ग को बंद कर दिया है।

पांडव चौकी के पास सड़क पर करीब दो से ढाई फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है और लोगों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर सामान्य होने और सड़क सुरक्षित घोषित होने तक मार्ग बंद रहेगा।

गंगा के बढ़ते जलस्तर से खादर क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों पर भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। शुक्रवार को ग्राम फतेहपुर प्रेम के पास बनाए जा रहे अस्थायी बांध को नुकसान पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों और प्रशासन की तत्परता से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और पानी को आबादी की ओर बढ़ने से रोक दिया गया।

शनिवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वीरेंद्र मौर्या और एसडीएम मवाना संतोष कुमार सिंह ने फतेहपुर प्रेम पहुंचकर अस्थायी बांध निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर बांध निर्माण पूरा करने तथा बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मार्ग बंद होने से चांदपुर, खादर क्षेत्र और आसपास के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। इससे छात्रों, किसानों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन ने लोगों से बंद मार्ग से आवागमन न करने, जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने और केवल प्रशासन द्वारा बताए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने को कहा है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार आगे भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts