मेरठ की नानखटाई, रेवड़ी और गजक का विदेशियों पर चढ़ेगा स्वाद का रंग, इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहली बार खास फूड कोर्ट
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में लगेगा ट्रेड शो, ओडीओपी के तहत तीन फर्मों का चयन; वैश्विक बाजार में पहचान बनाने की तैयारी
मेरठ। खेल उपकरण और ऐतिहासिक पहचान के लिए मशहूर मेरठ अब अपने पारंपरिक स्वाद से भी देश-दुनिया में पहचान बनाएगा। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में मेरठ की नानखटाई, रेवड़ी और गजक देश-विदेश के खरीदारों को आकर्षित करेंगी। पहली बार ट्रेड शो में ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ के तहत विशेष फूड कोर्ट तैयार किए जा रहे हैं, जहां प्रदेश के जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को वैश्विक मंच मिलेगा। मेरठ से ट्रेड शो में प्रतिभाग के लिए ओडीओसी योजना के तहत तीन फर्मों का चयन किया गया है। इनमें एमएच स्वीट सेंटर से हाशिम, स्वीट शॉप से सद्दाम और रेवड़ी-गजक के लिए प्रसिद्ध यामीन शामिल हैं। चयनित उद्यमी मेरठ के पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे और देश-विदेश से आने वाले कारोबारियों, खरीदारों तथा विदेशी प्रतिनिधियों को शहर के पारंपरिक स्वाद से रूबरू कराएंगे। नानखटाई की खुशबू, रेवड़ी की खनक और गजक का स्वाद मेरठ की नानखटाई अपने खास स्वाद के लिए जानी जाती है, वहीं रेवड़ी और गजक की मिठास की पहचान दूर-दूर तक है। पीढ़ियों से तैयार किए जा रहे इन पारंपरिक उत्पादों को अब स्थानीय बाजार से निकालकर बड़े व्यापारिक मंच पर पहुंचाने की तैयारी है। ट्रेड शो में आने वाले खरीदार इन उत्पादों का स्वाद लेने के साथ स्थानीय उद्यमियों से कारोबारी संपर्क भी स्थापित कर सकेंगे। इससे इन उत्पादों के लिए नए बाजार विकसित होने की उम्मीद है। स्थानीय स्वाद को मिलेगा वैश्विक बाजार प्रदेश सरकार की ओर से ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) और ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ जैसी पहल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हुनर को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो इस दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है। पहली बार अलग फूड कोर्ट बनाए जाने से प्रदेश के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडे ने बताया कि मेरठ से ओडीओसी योजना के अंतर्गत तीन फर्मों का चयन किया गया है। चयनित उद्यमियों को ट्रेड शो में निःशुल्क स्टाल उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकेंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध कराने के साथ उद्यमियों को बड़े कारोबारी अवसरों से जोड़ना है।


No comments:
Post a Comment