ललिता गौतम हत्याकांड: रवि गौतम का अनिश्चितकालीन धरना जारी, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

मेरठ। ललिता गौतम हत्याकांड से जुड़े मामले में दलित संगठन के नेता रवि गौतम का कमिश्नरी पार्क में अनिश्चितकालीन धरना जारी है। रवि गौतम ने प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज और तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे पर थप्पड़ मारने के लगाए गए आरोपों को लेकर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रवि गौतम का कहना है कि जब तक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। प्रदर्शन के लिए उन्होंने जिला प्रशासन से अनुमति ली है।

15 मई को लापता हुई थी ललिता

मामला रोहटा क्षेत्र के थिरोट गांव निवासी ललिता गौतम से जुड़ा है। ललिता अपने परिवार के साथ रोहटा रोड स्थित गगन विहार कॉलोनी में रहती थीं और आरजी कॉलेज में पढ़ती थीं। 15 मई 2026 को वह लापता हो गई थीं। दो दिन बाद, 17 मई को उनका शव गांव के जंगल से बरामद हुआ था।

परिजनों की शिकायत पर टीपी नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में कल्याणपुरी निवासी अंकुश को गिरफ्तार किया था।

कलेक्ट्रेट जाते समय हुआ था विवाद

ललिता गौतम को न्याय दिलाने की मांग को लेकर दलित संगठन के सदस्य प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने कलेक्ट्रेट जा रहे थे। इस दौरान कलेक्ट्रेट का गेट बंद कर दिया गया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी गेट के बाहर धरने पर बैठ गए।

आरोप है कि तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे मौके पर पहुंचे और पुलिस बल के जरिए प्रदर्शनकारियों को हटाया गया। इसी दौरान रवि गौतम ने आरोप लगाया था कि उन्हें पुलिस हिरासत में लेकर थप्पड़ मारा गया।

सीएम से मुलाकात के बाद हटाई गईं गंभीर धाराएं

घटना के बाद प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने ललिता गौतम के परिजनों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराई थी। मुख्यमंत्री से मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे से गंभीर धाराएं हटाए जाने की बात सामने आई थी।

हालांकि रवि गौतम अब तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे के अलावा एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ सौम्या सिंह और इंस्पेक्टर सौरभ शुक्ला के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अविनाश पांडे का तबादला, नए एसएसपी ने संभाली कमान

गौरतलब है कि गुरुवार शाम मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह बीबीजीटीएस मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

रवि गौतम का कहना है कि मुकदमों की वापसी और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts