ड्यूटी से लौटे पुलिस अधिकारी ने सरकारी क्वार्टर में की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में 35 वर्षीय सहायक पुलिस निरीक्षक ज्ञानेश्वर झोल ने रविवार तड़के अपने सरकारी क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह नागपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय की अर्ज एवं प्रोटोकॉल शाखा में तैनात थे। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार, ज्ञानेश्वर झोल शनिवार देर रात करीब 12 बजे ड्यूटी से घर लौटे थे। उन्होंने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद उनकी पत्नी दोनों बच्चों को सुलाने के लिए दूसरे कमरे में चली गईं। रात करीब 1:30 बजे जब वह वापस लौटीं तो ज्ञानेश्वर कमरे में नहीं मिले।
हॉल में साड़ी से लटके मिले
पत्नी ने हॉल में जाकर देखा तो ज्ञानेश्वर साड़ी के फंदे से लटके हुए थे। उन्होंने तत्काल फंदा काटा और शोर मचाया। आवाज सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों और पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस उनके निजी जीवन और नौकरी से जुड़ी परिस्थितियों समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
गिट्टीखदान पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना से पहले उनकी गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अटकल या अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।
ज्ञानेश्वर झोल के निधन की खबर से नागपुर पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। सहकर्मियों और अधिकारियों ने घटना पर दुख जताया है।


No comments:
Post a Comment