मुंबई के कोलाबा में सनसनीखेज वारदात, नौसैनिक के घर से मिले चार शव

मुंबई, 16 अगस्त। महाराष्ट्र के कोलाबा स्थित नेवी नगर में भारतीय नौसेना के एक नाविक, उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के शव घर से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृत बच्चों की उम्र करीब दो माह और तीन वर्ष बताई गई है। पुलिस ने चारों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को नेवी क्वार्टर से चारों के शव बरामद किए गए। प्रथम दृष्टया नाविक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि दोनों बच्चों की मौत की परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस को आशंका है कि बच्चों की मौत जहर दिए जाने से हुई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस ने घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। जांच अधिकारी परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर घटना से पहले की परिस्थितियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं।

भारतीय नौसेना ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि कोलाबा के नेवी नगर में एक नौसैनिक अपने परिवार के साथ 15 अगस्त को घर पर मृत पाए गए। नौसेना के अनुसार मामले की जांच पुलिस कर रही है और नौसेना की ओर से जांच में हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts