डाक कांवड़ लेकर लौट रहे दो शिवभक्तों की हार्ट अटैक से मौत

रोहतक के फौजी ने मुजफ्फरनगर में तोड़ा दम, शामली में पानीपत के 18 वर्षीय कांवड़िये की गई जान

मुजफ्फरनगर/शामली। पावन श्रावण महाशिवरात्रि के पर्व पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के साथ लौट रहे दो शिवभक्तों की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतकों में रोहतक के मायना गांव निवासी 30 वर्षीय सेना के जवान सचिन पंघाल और पानीपत के संभालका निवासी 18 वर्षीय कांवड़िया शुक्ला शामिल हैं। दोनों की मौत की प्रारंभिक वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है।

मुजफ्फरनगर में दौड़ते समय बिगड़ी फौजी की तबीयत

रोहतक के मायना गांव निवासी सचिन पंघाल सेना में जवान थे और वर्तमान में मेघालय के शिलांग में तैनात थे। 22 जुलाई को एक महीने की छुट्टी पर घर आए सचिन चार दिन पहले गांव के साथियों के साथ हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने गए थे।

सोमवार रात मुजफ्फरनगर के पास डाक कांवड़ लेकर दौड़ते समय उनके सीने में अचानक तेज दर्द हुआ। साथियों ने उन्हें आराम करने के लिए साथ चल रहे कैंटर में लिटा दिया। साथियों को लगा कि वह सो रहे हैं। मंगलवार तड़के करीब चार बजे कैंटर गांव पहुंचा तो उन्हें जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

परिजन उन्हें तत्काल रोहतक पीजीआई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मायना गांव के सरपंच प्रवीण के अनुसार सचिन करीब 11 वर्ष पहले सेना में भर्ती हुए थे। उनकी शादी चार वर्ष पहले हुई थी और उनका दो वर्ष का बेटा आरव है। मंगलवार शाम गमगीन माहौल में पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

शामली में बाइक पर बैठते ही गिरे युवक

दूसरी घटना शामली जिले में हुई। पानीपत के संभालका निवासी 18 वर्षीय शुक्ला पुत्र राजू तीन दिन पहले साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेने गए थे। मंगलवार को गंगाजल लेकर लौटते समय कांवड़ यात्रा शामली पहुंची।

मेस्सी चौक के पास शुक्ला जैसे ही बाइक पर बैठने लगा, अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा। इससे मौके पर मौजूद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे वाहन से शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।

दोनों घटनाओं ने कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts