राहुल गांधी पर कंगना रनौत का हमला, बोलीं—‘बहस से भाग रहा विपक्ष’, गृह मंत्री के जवाब को लेकर साधा निशाना

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। कंगना ने आरोप लगाया कि विपक्ष पहले सदन में चर्चा कराने की मांग को लेकर हंगामा कर रहा था, लेकिन अब जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो विपक्ष इससे पीछे हट रहा है।

संसद परिसर के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा, “पहले उन्होंने (विपक्ष ने) चर्चा के लिए इतना हंगामा किया। अब जब चर्चा होने जा रही है तो वे इससे भाग रहे हैं। वे अमित शाह जी को सुनना नहीं चाहते। ऐसे सदन कैसे चलेगा?”

‘विपक्ष राष्ट्रविरोधी ताकतों के हाथों में चला गया’

भाजपा सांसद ने विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश देख रहा है कि विपक्ष किस तरह “राष्ट्रविरोधी ताकतों के हाथों में चला गया है।” उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि विपक्ष ने सदन को एक दिन भी सुचारु रूप से चलने नहीं दिया।

कंगना के इस बयान के बाद संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी राजनीतिक टकराव एक बार फिर चर्चा में आ गया है। विपक्ष जहां विभिन्न मुद्दों पर तत्काल चर्चा और सरकार से जवाब की मांग कर रहा है, वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि वह नियमों के तहत हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।

गृह मंत्री के जवाब पर सरकार की स्थिति साफ

दरअसल, विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार गृह मंत्री अमित शाह से सदन में जवाब की मांग कर रहे थे। सरकार की ओर से इस मांग पर चर्चा के लिए सहमति जताई गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा है कि गृह मंत्री सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब देंगे, लेकिन इसके लिए पहले सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलना जरूरी है।

सरकार का कहना है कि विपक्ष को हंगामा समाप्त कर सदन की कार्यवाही में सहयोग करना चाहिए। वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने और तत्काल चर्चा कराने की मांग पर कायम है। ऐसे में मानसून सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध आगे भी जारी रहने के आसार हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts