गोकशी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली

मेरठ के नरहाड़ा जंगल में वारदात की फिराक में थे तीनों, तीसरे आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा

मेरठ। लोहिया नगर थाना पुलिस की रविवार रात गोकशी के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। नरहाड़ा के जंगल में चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से दो तमंचे और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद करने का दावा किया है।

दोपहर में डेयरी में मिले थे गोवंश के अवशेष

पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी स्थित चमड़ा पैठ की गली नंबर-2 में एक डेयरी के अंदर गोकशी की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से गोवंश के अवशेष बरामद किए थे। डेयरी कोतवाली क्षेत्र निवासी अखलाक की बताई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में घेराबंदी

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि गोकशी की घटना में शामिल आरोपी नरहाड़ा के जंगल में प्रतिबंधित पशु से संबंधित अपराध को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही लोहिया नगर पुलिस ने जंगल में चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने से कोतवाली क्षेत्र निवासी अखलाक और जाकिर कॉलोनी निवासी हामिद घायल हो गए।

अंधेरे में भागा, कांबिंग के बाद पकड़ा गया

मुठभेड़ के दौरान तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कांबिंग अभियान चलाया और उसे भी दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने जाकिर कॉलोनी की डेयरी में हुई गोकशी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

दो तमंचे और औजार बरामद

एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं। घायल आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts