झारखंड में विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में मेरठ में एबीवीपी का प्रदर्शन
मेरठ। झारखंड में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा की गई कथित कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मेरठ महानगर के कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रांत सह मंत्री आर्यन प्रजापति के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने वाले विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार की दमनात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना था कि विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनना और उनका संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शनकारियों ने झारखंड में विद्यार्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों पर की गई किसी भी अनुचित कार्रवाई को वापस लेने की मांग की। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनके लोकतांत्रिक अधिकार सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
वक्ताओं ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हमेशा विद्यार्थियों के अधिकारों, सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में खड़ी रही है। परिषद ने झारखंड सरकार से मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की।
प्रदर्शन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर वह आगे भी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।
इस अवसर पर ध्रुव गोस्वामी, मोहित तोमर, अंजलि मिश्रा, अनुज बैसला, अनुभव भारद्वाज, सुरेश, रुद्र प्रताप, अपूर्व, उदय सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment