जिला कारगार  में धूमधाम से मनाया जाएगा रक्षाबंधन, सुबह सात बजे से बहनें बांधेंगी राखी

महिला बंदियों ने तैयार कीं राखियां, जेल आउटलेट पर भी मिलेंगी; भाई-बहन दोनों बंद हों तो साथ मनाएंगे पर्व

मेरठ। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में इस बार रक्षाबंधन का पर्व विशेष अंदाज में मनाया जाएगा। जेल प्रशासन ने पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह सात बजे से बहनों के राखी बांधने का सिलसिला शुरू होगा, जो सभी बहनों के राखी बांधने तक जारी रहेगा।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जेल में रक्षाबंधन का आयोजन किया जा रहा है। बाहर से आने वाली बहनों को अपने बंदी भाइयों को राखी बांधने की अनुमति दी जाएगी। वहीं, जेल में बंद महिला बंदियों के भाई भी जेल पहुंचकर अपनी बहनों से राखी बंधवा सकेंगे।

भाई-बहन दोनों जेल में तो साथ मनाएंगे रक्षाबंधन

जेल प्रशासन ने उन परिवारों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है, जिनमें भाई और बहन दोनों बंद हैं। ऐसे बंदी भाई-बहनों को निर्धारित स्थान पर लाकर रक्षाबंधन मनाने का अवसर दिया जाएगा।

भाई नहीं आए तो जेल स्टाफ को बांधेंगी राखी

महिला बंदियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। जिनके भाई राखी बांधने जेल नहीं आ पाएंगे या जिनके भाई नहीं हैं, वे जेल स्टाफ के सदस्यों को राखी बांध सकेंगी। इसी तरह जिन बंदी भाइयों की बहनें जेल नहीं आ पाएंगी, उनके लिए भी जेल प्रशासन स्तर से व्यवस्था की जाएगी।

जेल के बाहर आने वाली बहनों के बैठने की व्यवस्था की गई है। आगंतुकों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी रहेगी।

महिला बंदियों ने बनाई राखियां

रक्षाबंधन को लेकर जेल में महिला बंदी खुद भी राखियां तैयार कर रही हैं। इन राखियों को जेल के आउटलेट पर बिक्री के लिए रखा जाएगा। जो बहनें घर से राखी लेकर नहीं आ पाएंगी, वे आउटलेट से राखी खरीदकर अपने भाई की कलाई पर बांध सकेंगी।

महिला बंदियों द्वारा तैयार राखियों को बाजार में भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इनकी बिक्री से होने वाली आय महिला बंदियों को दी जाएगी, जिससे उन्हें अपनी मेहनत का आर्थिक लाभ मिलेगा और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रोत्साहन मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts