सलावा गंगनहर में भाकियू (क्रांतिकारी) का जल सत्याग्रह

यूजीसी बिल वापस लेने और जातिगत आरक्षण समाप्त करने की उठाई मांग, हाथों में बैनर-तख्तियां लेकर गंगनहर में उतरे कार्यकर्ता

मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सलावा स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पास गंगनहर में उतरकर जल सत्याग्रह किया। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े नियमों का विरोध किया और यूजीसी बिल वापस लेने की मांग उठाई। साथ ही संगठन ने देश में जातिगत आरक्षण व्यवस्था समाप्त कर योग्यता के आधार पर अवसर दिए जाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गंगनहर के पानी में खड़े होकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी वर्ग विशेष के वर्चस्व को समाप्त कर सभी के लिए समान शिक्षा व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

भाकियू (क्रांतिकारी) के अध्यक्ष राजीव राणा ने कहा कि संगठन जाति और आरक्षण के आधार पर नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर अधिकार और अवसर दिए जाने की मांग करता है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिसमें सभी नागरिकों को समान अवसर मिल सकें।

कार्यकर्ताओं ने सरकार से यूजीसी बिल को तत्काल वापस लेने तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े फैसलों पर पुनर्विचार करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।जल सत्याग्रह को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts