‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ

नशे के खिलाफ जंग में हर नागरिक को लेनी होगी व्यक्तिगत जिम्मेदारी : डॉ. राजीव त्यागी

मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय/संस्थान में भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन में पूरे वर्ष चलने वाले ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत संस्थान के हजारों छात्र-छात्राएं, शिक्षक और प्रबंधन जागरूकता संगोष्ठियों, नुक्कड़ नाटकों, यूथ काउंसलिंग, पोस्टर प्रदर्शनी और नशा मुक्त भारत शपथ अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे।

विश्वविद्यालय के डॉ. सीसी रमन सभागार में अभियान का शुभारंभ प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे, वित्त निदेशक युवराज सिंह और कुलसचिव पीयूष पांडे ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।



इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाते हुए प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि केवल कड़ा नशा विरोधी कानून बनाने से नशा मुक्त भारत का अभियान सफल नहीं होगा। इस महायज्ञ में उच्च शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ देश के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक को आगे आकर व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभानी होगी।


वेंकटेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरी ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ‘विकसित भारत @ 2047’ का सपना तभी साकार होगा, जब अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और कौशल विकास के साथ देश में नशा मुक्ति अभियान को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे ने कहा कि नशा मुक्त युवा भारत से ही स्वस्थ, सशक्त और सुरक्षित राष्ट्र का निर्माण संभव है। वित्त निदेशक युवराज सिंह और कुलसचिव पीयूष पांडे ने भी अभियान के उद्देश्यों पर विचार रखे।

इस अवसर पर प्रतिकुलपति डॉ. मानस रंजन पाणिग्रही, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. नीतू पवार, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. आयशा वाहिद, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. अरुण गोस्वामी, डॉ. स्नेह लता, डॉ. योगेश्वर शर्मा, मेरठ परिसर के निदेशक डॉ. पंकज सिंह एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अन्य शिक्षक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts