बिल संशोधन शिविरों में 98 फीसदी शिकायतों का समाधान, 15 हजार से अधिक मामलों का निस्तारण
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चलाए जा रहे विशेष बिल संशोधन शिविरों में अब तक करीब 98 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। एक से 31 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे इन शिविरों में 25 अगस्त तक कुल 15,227 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14,949 का समाधान कर दिया गया है। अब केवल 278 शिकायतें लंबित हैं।
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं की शिकायतें मौके पर सुनकर यथासंभव तत्काल समाधान उपलब्ध कराना है। शिविर खंडीय, उपखंडीय तथा सहायक अभियंता एवं अधिशासी अभियंता (वितरण/वाणिज्य) के कार्यालयों में लगाए जा रहे हैं।
कई जिलों में शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण
जोनवार आंकड़ों के अनुसार मुरादाबाद में 2,386 में से 2,368, मेरठ जोन प्रथम में सभी 54, मेरठ जोन द्वितीय में 1,235 में से 1,199, गाजियाबाद जोन प्रथम में सभी 754 और गाजियाबाद जोन द्वितीय में 1,694 में से 1,671 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है।
इसी तरह गाजियाबाद जोन तृतीय में सभी 911, बुलंदशहर में 1,239 में से 1,225, मुजफ्फरनगर में 1,800 में से 1,734, गजरौला में 1,738 में से 1,672, सहारनपुर में 1,670 में से 1,656 और नोएडा जोन में 1,746 में से 1,705 शिकायतों का समाधान किया गया है।
लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
पीवीवीएनएल ने शेष 278 शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए क्षेत्रीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
घर बैठे भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत
पीवीवीएनएल ने उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए 1912 हेल्पलाइन के साथ 7859804803 व्हाट्सऐप चैटबॉट की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। उपभोक्ता स्मार्ट और गैर-स्मार्ट मीटर, मीटर संबंधी शिकायत, टैरिफ परिवर्तन, मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी अपडेट तथा यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से जुड़ी समस्याओं समेत अन्य विद्युत संबंधी शिकायतें इन माध्यमों से दर्ज करा सकते हैं।
डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष बिल संशोधन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


No comments:
Post a Comment