75 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला, कार्रवाई न होने का आरोप
मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के तारापुरी निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने बेटे, बहू और उसके साले पर गाली-गलौज, मारपीट और चाकू से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया है।
तारापुरी निवासी नजीर पुत्र स्व. नूर मोहम्मद ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह करीब 10 वर्षों से मोहल्ला तारापुरी में रह रहे हैं। उनके मकान में भूतल और प्रथम तल बना हुआ है। आरोप है कि उनका पुत्र सलमान और उसकी पत्नी फरहीन उनका और उनकी पत्नी परवीन का खर्च नहीं देते और उन्हें मकान से जबरन निकालना चाहते हैं। पीड़ित के मुताबिक, पूर्व में भी दोनों कई बार उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कर चुके हैं।
नजीर का आरोप है कि 19 अगस्त की शाम करीब छह बजे वह मकान के भूतल पर बैठे थे। इसी दौरान सलमान, उसका साला अनस उर्फ अन्ना और फरहीन वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि सलमान ने फरहीन के कहने पर किचन से चाकू उठाकर उनके पेट पर वार किया। नजीर ने हाथ से वार रोकने का प्रयास किया, जिससे उनके दाएं हाथ के पंजे में गंभीर चोट लग गई।
आरोप है कि उनकी पत्नी परवीन ने दोबारा हमला करने से रोका तो सलमान ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। पीड़ित के अनुसार घटना की सूचना उसी दिन लिसाड़ी गेट पुलिस को दी गई। पुलिस ने जिला अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच भी कराई, लेकिन आरोप है कि अभी तक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित ने अधिकारियों से थानाध्यक्ष लिसाड़ी गेट को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि आरोपी कार्रवाई नहीं कराने के लिए उन्हें लगातार धमका रहे हैं।


No comments:
Post a Comment