गार्गी गर्ल्स स्कूल में दो दिवसीय अंतर विद्यालयी संगीत महोत्सव ‘मल्हार’ का भव्य शुभारंभ
डीएम डॉ. वीके सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत, 25 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
मेरठ, 21 अगस्त। गार्गी गर्ल्स स्कूल, गंगानगर में शुक्रवार को दो दिवसीय अंतर विद्यालयी संगीत महोत्सव ‘मल्हार’ का भव्य शुभारंभ हुआ। संगीत, सुर, लय और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति से सजे इस आयोजन में मेरठ के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के मैनेजिंग ट्रस्टी विनीत गर्ग एवं प्रधानाचार्या डॉ. वाग्मिता त्यागी ने मुख्य अतिथि का ग्रीन पॉट भेंट कर स्वागत किया। निर्णायक मंडल की सदस्य मनिका जौहरी तथा साउंड एंड म्यूजिक एकेडमी के संस्थापक सम्यक जैन का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना, गणेश मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद ‘शिव आराधना’ पर आधारित स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग से भर दिया।
विविध प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा
महोत्सव के प्रथम दिन मेघ मल्हार राग, 80-90 के दशक के गीतों पर रॉक बैंड तथा आशा भोसले एवं आर.डी. बर्मन के संगीत पर आधारित युगल गायन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने शास्त्रीय संगीत से लेकर आधुनिक संगीत तक विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मेघ मल्हार की प्रस्तुतियों में भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा देखने को मिली, जबकि रॉक बैंड प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों की ऊर्जा और आधुनिक संगीत के प्रति रचनात्मक सोच नजर आई। युगल गायन में सुरों की शुद्धता, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और शानदार तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का स्वर-शुद्धता, लय, ताल, भावाभिव्यक्ति, प्रस्तुति शैली, वाद्य-संगीत, रचनात्मकता और मंचीय आत्मविश्वास के आधार पर मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ‘मल्हार’ पिछले 15 वर्षों से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करता आ रहा है। दो दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन भी विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।



No comments:
Post a Comment