सिविल सेवा में 74वीं रैंक लाकर हर्ष नेहरा ने बढ़ाया मेरठ कॉलेज का मान
मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति से मिली सफलता: हर्ष नेहरा
मेरठ। मेरठ कॉलेज के पूर्व बीएससी छात्र हर्ष नेहरा, मूल निवासी ग्राम वहादरपुर, ने सिविल सेवा परीक्षा-2025 में ऑल इंडिया रैंक 74 हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयन प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर बुधवार को मेरठ कॉलेज की ओर से डॉ. राम कुमार गुप्ता सेमिनार हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
हर्ष नेहरा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सिविल सेवा की तैयारी के अनुभव और सफलता के सूत्र साझा किए। उन्होंने कहा, “सिविल सेवा में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। लक्ष्य स्पष्ट रखें, नियमित पढ़ाई करें और हर गलती से सीखते हुए लगातार आगे बढ़ें।”
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा के लिए बार-बार रिवीजन और टेस्ट प्रैक्टिस, मुख्य परीक्षा के लिए उत्तर लेखन और विषय की गहरी समझ तथा साक्षात्कार के लिए आत्मविश्वास, संतुलित सोच और ईमानदारी से जवाब देना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुरुआत से ही तीनों चरणों को ध्यान में रखकर तैयारी करने की सलाह दी।
हर्ष नेहरा की सफलता में उनके परिवार की अहम भूमिका रही। वह ग्राम वहादरपुर के रहने वाले हैं। उनके पिता श्री अजय कुमार नेहरा किसान हैं, माता श्रीमती अनीता नेहरा सरकारी शिक्षिका हैं और दादा श्री विक्रम सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। सम्मान समारोह में परिवार की तीन पीढ़ियों की मौजूदगी ने माहौल को भावुक और प्रेरणादायी बना दिया। परिवार के संस्कार, शिक्षा, अनुशासन और मेहनत को हर्ष ने अपनी सफलता का मजबूत आधार बताया।
कार्यक्रम में डॉ. कपिल सिवाच, प्रो. मनोज सिवाच, प्रो योगेश कुमार, प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज सहित महाविद्यालय के शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रो. पंजाब सिंह ने किया। अंत में आई क्यू ए सी समन्वयक प्रो. अर्चना सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और हर्ष नेहरा के परिवार का आभार व्यक्त किया।
मेरठ कॉलेज परिवार ने हर्ष नेहरा को बधाई देते हुए कहा कि वहादरपुर गांव के इस होनहार युवा की सफलता न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि मेरठ कॉलेज और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


No comments:
Post a Comment