डेयरी-पनीर इकाइयों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 160 किलो पनीर नष्ट

मेरठ। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मेरठ के निर्देश पर आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और प्राप्त शिकायत की जांच के लिए खाद्य विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।

 सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. वेदप्रकाश मिश्र के नेतृत्व में 19 अगस्त को थाना जानी क्षेत्र के नगला कुम्भा में संचालित डेयरी एवं पनीर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान मेंहदी हसन की डेयरी से मिश्रित दूध, यासीन मिल्क एवं पनीर सप्लायर की डेयरी से पनीर तथा बाबू की डेयरी से सप्रेटा दूध का एक-एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।

निरीक्षण में सलमान की डेयरी, राहुल की डेयरी, अब्लू डेयरी, खालिद की पनीर भट्टी, इकबाल की डेयरी, हसीन की डेयरी और पवरेज की डेयरी पर खाद्य कारोबार संचालित होता नहीं पाया गया। वहीं, पूर्व में विभागीय कार्रवाई के तहत सील की गई जाविर की डेयरी और हामिद की डेयरी अभी भी बंद मिलीं।

यासीन की डेयरी पर अस्वास्थ्यकर स्थिति में भंडारित करीब 160 किलोग्राम पनीर जब्त कर जनहित में नष्ट कराया गया। हालांकि निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई मिलावटी सामग्री अथवा हानिकारक रसायन नहीं मिला।

कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्येंद्र सिंह तोमर, दीपक कुमार, एतीस कुमार, भोगेंद्र प्रसाद और अवधेश कुमार मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts