बुलंदशहर के 72 स्कूलों में अफसरों का औचक निरीक्षण, गैरहाजिर शिक्षकों को नोटिस

बुलंदशहर। जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद के 72 माध्यमिक एवं बेसिक विद्यालयों में जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीमों ने औचक निरीक्षण किया। रैंडम आधार पर चयनित स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की भी जमीनी हकीकत परखी गई।

निरीक्षण के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण कार्य, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, कक्षा-कक्ष, भवन की सुरक्षा, चाहरदीवारी और खेल मैदान समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं और पढ़ाई के माहौल की भी जानकारी ली।

कई विद्यालयों में मिलीं खामियां

औचक निरीक्षण में कई विद्यालयों में छत की मरम्मत, चाहरदीवारी, साफ-सफाई, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, बालक-बालिका शौचालय, विद्युत आपूर्ति, रंगाई-पुताई और खेल मैदान से जुड़ी कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कमियों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

गैरहाजिर कर्मचारियों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित मिले शिक्षक-शिक्षिकाओं और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की हिदायत दी और स्पष्ट किया कि भविष्य में लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

अधिकारियों ने कहा कि विद्यालयों में ऐसी कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य अथवा शिक्षण कार्य प्रभावित हो। स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी और आवश्यक मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य समय से पूरा कराने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने निर्देश दिए कि विद्यालयों का नियमित और प्रभावी निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण में मिली कमियों का केवल संज्ञान लेना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उनके समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts