यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस की 7 सदस्यीय मीडिया टीम गठित
अभय दुबे को मिली कमान, संगठन सृजन अभियान के साथ मीडिया रणनीति मजबूत करने की तैयारी
लखनऊ, 19 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनावी रणनीति के तहत मीडिया और कम्युनिकेशन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सात सदस्यीय मीडिया टीम का गठन किया है। एआईसीसी की ओर से 18 अगस्त को जारी कार्यालय आदेश में नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अभय दुबे को टीम की कमान सौंपी गई है।
कांग्रेस के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के प्रभारी पवन खेड़ा की ओर से जारी आदेश के अनुसार डॉ. रतन लाल को-कोऑर्डिनेटर बनाए गए हैं। वहीं अब्बास हाफिज, टीना कर्मवीर, संजय छोकर, विवेक कोर्दे और डॉ. सुधांशु यादव को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है।
यह टीम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के साथ समन्वय कर चुनाव से जुड़ी मीडिया गतिविधियों, पार्टी के कार्यक्रमों और संचार रणनीति को आगे बढ़ाएगी।
छह सहप्रभारियों को संगठन सृजन अभियान की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने इससे पहले प्रदेश संगठन को मजबूत करने के लिए छह सहप्रभारियों की नियुक्ति की थी। इन नेताओं को अलग-अलग जोन के 11 से 14 जिलों की जिम्मेदारी दी गई है।
- अब्दुल हन्नान — अवध जोन, 11 जिले
- अभिषेक दत्त — पूर्वांचल जोन, 12 जिले
- वरुण चौधरी — प्रयागराज जोन, 12 जिले
- जगदीश चंद्र जांगिड — बुंदेलखंड जोन, 13 जिले
- कुनाल चौधरी — ब्रज जोन, 13 जिले
- संजीव आर्या — पश्चिम जोन, 14 जिले
सहप्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति का आकलन करने, कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम को सौंपनी है।
प्रदेश कार्यकारिणी के गठन का इंतजार
कांग्रेस के सामने संगठन के स्तर पर प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी बड़ी चुनौती है। पार्टी ने दिसंबर 2024 में प्रदेश, जिला, शहर और ब्लॉक कमेटियों को भंग कर दिया था। इसके बाद मार्च 2025 में सभी 75 जिलों के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति की गई थी।
हालांकि, नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन अब तक नहीं हो सका है। पार्टी अब संगठन सृजन अभियान के दौरान सहप्रभारियों से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश कार्यकारिणी में नए चेहरों को जिम्मेदारी देने की तैयारी में है।
मीडिया और संगठन पर दोहरा फोकस
विधानसभा चुनाव से करीब डेढ़ साल पहले कांग्रेस के इन फैसलों से साफ है कि पार्टी एक ओर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, वहीं दूसरी ओर मीडिया और जनसंपर्क रणनीति को धार देने पर जोर दे रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश संगठन में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।


No comments:
Post a Comment