मेरठ के दो प्रमुख नालों के निर्माण को मिली मंजूरी, ₹67.73 करोड़ होंगे खर्च
विधायक अमित अग्रवाल के प्रयासों से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी पहल, दो लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
मेरठ। मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र सहित शहर में जलभराव और जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। विधायक अमित अग्रवाल के प्रयासों के क्रम में नगर विकास विभाग ने मेरठ के दो प्रमुख नालों के निर्माण की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी है। दोनों परियोजनाओं पर कुल ₹67.73 करोड़ खर्च होंगे और इससे दो लाख से अधिक नागरिकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
विधायक अमित अग्रवाल ने नगर आयुक्त को 21 अप्रैल 2026 को पत्रांक संख्या 5872 तथा 3 जुलाई 2026 को पत्रांक संख्या 6039 एवं 6040 के माध्यम से नगर विकास मंत्री और प्रमुख सचिव से मेरठ नगर क्षेत्र के प्रमुख नालों के चौड़ीकरण, पक्कीकरण और कवर किए जाने की मांग की थी। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी इस संबंध में शासन स्तर पर प्रयास किए।
विधायक ने कहा था कि मेरठ महानगर और छावनी क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी, नए आवासीय क्षेत्रों और कॉलोनियों के विकास के चलते पुराने व संकरे नालों की क्षमता कम पड़ रही है। इसके कारण बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। इसी को देखते हुए प्रमुख नालों के निर्माण, पक्कीकरण और कवर्ड नाले बनाने की मांग रखी गई थी।
रोहटा रेलवे क्रॉसिंग से ईदगाह तक बनेगा कवर्ड नाला
स्वीकृत पहली परियोजना के तहत रोहटा रेलवे क्रॉसिंग से सिटी रेलवे रोड, जैन नगर और आनंदपुरी होते हुए ईदगाह तक 1.575 किलोमीटर लंबे कवर्ड आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर ₹25.14 करोड़ खर्च होंगे।
इससे करीब 65 हजार नागरिकों को लाभ मिलेगा। फाजलपुर वार्ड-25, गोलाबड़ वार्ड-22, जैन नगर वार्ड-42 सहित छावनी क्षेत्र के लोगों को जलभराव से राहत मिलने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
जली कोठी से बच्चा पार्क तक बनेगा 750 मीटर लंबा नाला
तीसरी परियोजना के तहत जली कोठी क्रॉसिंग से बच्चा पार्क तक 0.75 किलोमीटर लंबे कवर्ड आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना की लागत ₹42.59 करोड़ है। इससे करीब सवा लाख नागरिकों को लाभ मिलेगा।
परियोजना से जली कोठी, थापरनगर, पटेल नगर, बेगमपुल, सोतीगंज और आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। नगर निगम के तीन वार्डों तथा छावनी क्षेत्र के तीन वार्डों को भी इसका फायदा मिलेगा।
नाले को पूरी तरह कवर्ड बनाया जाएगा। इसके ऊपर करीब 300 मीटर लंबे कॉरिडोर (लिंक रोड) का निर्माण शहीद स्मारक चौक से पटेल नगर पुलिया तक प्रस्तावित है। इससे आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा।
यह लिंक रोड पूर्व में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का विकल्प माना जा रहा है। एलिवेटेड रोड के निर्माण में आ रही तकनीकी कठिनाइयों के चलते इस विकल्प को आगे बढ़ाया गया है।
विधायक अमित अग्रवाल ने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति पर नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र और मेरठ नगर के विकास के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं तथा जनता की समस्याओं को शासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। शहर की जलनिकासी व्यवस्था मजबूत होने के साथ स्वच्छता और जनसुविधाओं में भी सुधार होगा। वहीं कवर्ड नाले के ऊपर बनने वाले मार्ग और लिंक रोड से यातायात व्यवस्था तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।


No comments:
Post a Comment