लातेहार में भीषण सड़क हादसा: कंटेनर और ऑटो की आमने-सामने टक्कर, 6 की मौत; कई घायल

लातेहार। झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हादसा चंदवा थाना क्षेत्र के चंदवा-चापी-लोहरदगा मार्ग पर डेढ़टंगवा घाटी के पास हुआ, जहां एक ऑटो और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो कंटेनर के नीचे दब गया। ऑटो में सवार करीब छह लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि मृतक एक ही परिवार के थे।

लोहरदगा जा रहे थे ऑटो सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लातेहार सदर थाना क्षेत्र के सासंग गांव के कुछ लोग ऑटो से लोहरदगा जा रहे थे। इसी दौरान डेढ़टंगवा घाटी में सामने से आ रहे कंटेनर से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल चंदवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

लातेहार के डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में लोगों की मौत हुई है और कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वित्त मंत्री ने मौके से ही प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्लैक स्पॉट बना हादसे वाला इलाका

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लातेहार विधायक के चंदवा प्रतिनिधि रवि राज ने कहा कि दुर्घटना वाला स्थान लंबे समय से हादसों के लिहाज से संवेदनशील है और यहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर तत्काल सुरक्षा उपाय करने और भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts