कासगंज में भीषण सड़क हादसा: अस्थि विसर्जन के लिए सोरों जा रहे राजस्थान के 6 श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हो गए। हादसा कोतवाली सदर क्षेत्र में शिव इंटर कॉलेज के सामने मोहनपुरा के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। श्रद्धालु एक पिकअप वाहन में सवार होकर अस्थि विसर्जन के लिए सोरों जा रहे थे।
बताया गया कि पिकअप की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
हादसे में घायल करीब 20 लोगों में सात बच्चे, छह महिलाएं और सात पुरुष बताए गए हैं। इनमें नौ घायलों की हालत गंभीर है। उन्हें कासगंज जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। क्षतिग्रस्त पिकअप में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रक के गलत दिशा में चलने की आशंका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल ट्रक शाहजहांपुर से जयपुर पशुओं का चारा लेकर जा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक के सड़क की गलत दिशा में चलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं पिकअप चालक को वाहन चलाते समय नींद तो नहीं आ गई थी।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान उमेश (26), प्रेम (50), नेहरू (25), रीना (32), अंजलि (26) और रामजीत/रणजीत (33) के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश मृतक करौली जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि रीना भरतपुर जिले की निवासी थीं।
हादसे की खबर के बाद राजस्थान के करौली और भरतपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment