कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि विश्वविद्यालय हर वर्ष 500 युवाओं को देंगे कौशल विकास प्रशिक्षण

मेरठ, 18 अगस्त। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय युवाओं को रोजगारपरक बनाने के लिए हर वर्ष 500 प्रतिभागियों को कौशल विकास प्रशिक्षण देगा। विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र में आने वाले कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से भी युवाओं को विभिन्न रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देश पर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों और संस्थानों में युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

कुलपति ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक व्यावसायिक दक्षताओं से जोड़ना है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं के कौशल को विकसित कर उन्हें स्वावलंबी और रोजगारपरक बनाने पर जोर दिया जाएगा।

राज्यपाल सचिवालय के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक राज्य विश्वविद्यालय एवं संस्थान को प्रतिवर्ष 500 महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों को विभिन्न रोजगारपरक विषयों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देना होगा। कृषि विश्वविद्यालय ने इसी दिशा में प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए हैं।

डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए ऐसे युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो आगे चलकर रोजगार अथवा स्वरोजगार से जुड़ना चाहते हैं। उन्हें व्यावसायिक दक्षता प्रदान कर अपने कार्य एवं उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए सक्षम बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के नए अवसर तलाशने और अपना व्यवसाय शुरू करने में भी मदद करेगा। विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र इस पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts