पश्चिमांचल डिस्कॉम के शिविरों में 10,182 शिकायतें, 9,912 का निस्तारण
मेरठ, 18 अगस्त। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न जनपदों में विशेष बिल संशोधन शिविर लगाए जा रहे हैं। 18 अगस्त तक इन शिविरों में कुल 10,182 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9,912 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इस तरह करीब 97 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया गया है।
शिविरों में केवल बिजली बिल से संबंधित शिकायतों का ही समाधान नहीं किया जा रहा, बल्कि स्मार्ट मीटर एवं गैर-स्मार्ट मीटर, मीटर संबंधी समस्याएं, टैरिफ परिवर्तन, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अपडेट तथा यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप से जुड़ी शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दैनिक कैंप रिपोर्ट के अनुसार मेरठ जोन-प्रथम में 79 शिकायतें प्राप्त हुईं और सभी का निस्तारण कर दिया गया। मेरठ जोन-द्वितीय में 797 में से 742 शिकायतें हल की गईं। गाजियाबाद जोन-प्रथम में प्राप्त सभी 585 शिकायतों का समाधान हुआ, जबकि गाजियाबाद जोन-द्वितीय में 1,042 में से 1,034 तथा गाजियाबाद जोन-तृतीय में 575 में से 571 शिकायतों का निस्तारण किया गया।
इसी तरह बुलंदशहर जोन में 920 में से 890, मुजफ्फरनगर जोन में 1,110 में से 1,044 और सहारनपुर जोन में प्राप्त सभी 1,022 शिकायतों का निस्तारण किया गया। नोएडा जोन में 1,194 शिकायतें प्राप्त हुईं और सभी का समाधान कर दिया गया। मुरादाबाद जोन में सर्वाधिक 1,692 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1,591 का निस्तारण किया जा चुका है। वहीं गजरौला जोन में 1,229 में से 1,162 शिकायतों का समाधान किया गया।
पश्चिमांचल डिस्कॉम के अधिकारियों द्वारा विभिन्न जनपदों में आयोजित शिविरों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक उपभोक्ता की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 1912 हेल्पलाइन तथा 7859804803 WhatsApp Chatbot के माध्यम से भी बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ता घर बैठे शिकायत दर्ज कराने के साथ उसके निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
पश्चिमांचल डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम खंडीय, उपखंडीय, सहायक अभियंता अथवा अधिशासी अभियंता कार्यालय में आयोजित विशेष बिल संशोधन शिविरों में पहुंचकर अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान कराएं और इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


No comments:
Post a Comment