फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्बन क्रूजर से बिहार जा रही थी 3 लाख की शराब, दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली में अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम की कार्रवाई, 273 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
चंदौली। बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर हरियाणा से बिहार तक अवैध शराब पहुंचाने वाले कथित तस्करी नेटवर्क का अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सोमवार को एनएच-19 पर सिंघीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्बन क्रूजर से 273 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास
पुलिस के अनुसार, अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम एनएच-19 पर सिंघीताली पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक अर्बन क्रूजर को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों की ओर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने खुद को सुरक्षित करते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
ई-चालान ऐप से सामने आया फर्जी नंबर प्लेट का खेल
तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वाहन पर UP32MQ9312 नंबर की प्लेट लगी थी। पुलिस ने ई-चालान ऐप के जरिए नंबर की जांच की तो पंजीकृत चेसिस और इंजन नंबर वाहन पर अंकित नंबरों से मेल नहीं खाए।
जांच में वाहन का वास्तविक चेसिस नंबर MA3PYGJ1SNG981601 और वास्तविक नंबर HR87J1833 सामने आया। पुलिस के मुताबिक वाहन फरीदाबाद निवासी अंशुल ग्रोवर के नाम पंजीकृत है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने और कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था।
हरियाणा से खरीदकर बिहार में बेचते थे शराब
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे हरियाणा से कम कीमत पर अंग्रेजी शराब खरीदते थे और उसे बिहार ले जाकर शराबबंदी के कारण ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इस अवैध सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
273 लीटर शराब बरामद, दोनों पर मुकदमा
पुलिस के अनुसार बरामद खेप में रॉयल ग्रीन की 750 एमएल की 100 बोतलें, 375 एमएल की 312 बोतलें और व्हाइट एंड ब्लू की 375 एमएल की 216 बोतलें शामिल हैं। शराब केवल हरियाणा में बिक्री के लिए मान्य बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक रावत (28), निवासी फरीदाबाद और शुभम तिवारी (35), निवासी फतेहपुर, हाल निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है। घटना के समय मयंक रावत वाहन चला रहा था।
अलीनगर थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 545/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 109(1), 318(4), 319(2) और आबकारी अधिनियम की धाराओं 60/63 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस वाहन और शराब को कब्जे में लेकर तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment