रिठानी मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट में लगी आग, यात्रियों में मचा हड़कंप

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, सुरक्षा कर्मियों ने फायर उपकरणों से पाया काबू; दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

मेरठ। रिठानी मेट्रो स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन परिसर में लगी एक लिफ्ट में अचानक आग लग गई। लिफ्ट से धुआं और आग की लपटें उठती देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लिफ्ट में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग तेजी से फैलती देख स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया।

बताया गया कि आग से लिफ्ट के ऊपर लगे सोलर पैनल को ठंडा रखने के लिए लगाया गया एसी भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परतापुर से दमकल की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की तत्परता के चलते आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के वास्तविक कारण और लिफ्ट को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts