रक्षाबंधन पर 3500पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय

बाजारों से लेकर स्टेशन और हाईवे तक कड़ी निगरानी, सादे कपड़ों में महिला पुलिस भी तैनात

मेरठ। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। 28 अगस्त को होने वाले पर्व के दौरान बाजारों, रेलवे व बस स्टेशनों, प्रमुख मार्गों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परिक्षेत्र में कुल 3500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सुरक्षा व्यवस्था में 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 20 क्षेत्राधिकारी, 80 निरीक्षक, 600 उपनिरीक्षक, 1005 मुख्य आरक्षी, 1360 आरक्षी, 380 होमगार्ड/पीआरडी जवान और एक कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय किए गए हैं। इनमें मेरठ में 32, बुलंदशहर में 28, बागपत में 12 और हापुड़ में 11 स्क्वॉड शामिल हैं।

10 स्थानों पर लगेंगे मेले

रक्षाबंधन पर मेरठ परिक्षेत्र में कुल 10 मेले प्रस्तावित हैं। मेरठ और हापुड़ में पांच-पांच मेले आयोजित होंगे। पुलिस ने आयोजनकर्ताओं के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, शांति समितियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ 90 गोष्ठियां की गई हैं। वहीं नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत सहित अन्य विभागों के साथ 80 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।

बाजारों में सादे कपड़ों में महिला पुलिस

पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। रक्षाबंधन से पहले बाजारों में देर रात तक खरीदारी और महिलाओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, लूट और जेबकटी रोकने के लिए विशेष पुलिस प्रबंध किए जाएंगे। सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो स्क्वॉड की ड्यूटी भी लगाई जाएगी।

स्टेशन और हाईवे पर भी नजर

रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, हाईवे, मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अधिक यातायात वाले मार्गों को चिन्हित कर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। रोडवेज अधिकारियों तथा बस-टैक्सी यूनियनों से समन्वय कर यात्रियों के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

दोपहर बाद बाजारों, मॉल, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। संदिग्ध व्यक्ति, वाहन और लावारिस वस्तुओं की एंटी-सबोटाज चेक टीम से जांच कराई जाएगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस पिकेट लगाकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी।

अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

गुंडा दमन दल और एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखते हुए जेबकतरों, चोरों, चेन स्नैचरों और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में चिन्हित अराजक एवं समाज विरोधी तत्वों पर विशेष निगरानी रखते हुए निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

शोभायात्रा, मेला, दंगल और अन्य सामूहिक आयोजनों को सूचीबद्ध कर उनके अनुरूप पुलिस बल तैनात किया जाएगा। थाना प्रभारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर छोटी से छोटी घटना पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। जनपदीय अभिसूचना तंत्र, नियंत्रण कक्ष और सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। यूपी-112 की पीआरवी का भी आवश्यकता के अनुसार पुनर्व्यवस्थापन किया जाएगा। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts