स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम
मेरठ। विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में पिछली बैठक की अनुपालन आख्या के साथ स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी की सीएमओ कार्यालय स्तर से नियमित मॉनिटरिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिले। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, भोजन, उपचार की गुणवत्ता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए जिले का औसत भुगतान 10 हजार रुपये प्रतिमाह सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही मिलने पर संबंधित बीएएम का जवाब-तलब करने और मुख्य विकास अधिकारी को सभी बीएएम के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत योजना में निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति तथा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर दिया गया। नई गाइडलाइन के अनुसार अस्पतालों की सूचीबद्धता और पात्रता की जांच कर शासनादेश के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में बिल भुगतान, उपकरण क्रय, यूनिसेफ, एंबुलेंस, डब्ल्यूएचओ और यूएनडीपी से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी, एसीएमओ, एमओआईसी, सीडीपीओ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment