खेल दिवस पर सीसीएसयू में जुटेंगे नामचीन खिलाड़ी, पीएम मोदी का लाइव संबोधन होगा प्रसारित
विकसित भारत युवा कनेक्ट-स्पोर्ट्स एडिशन में पदक विजेताओं से रूबरू होंगे छात्र-छात्राएं
मेरठ। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के अटल सभागार में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट-स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर सोमवार को विश्वविद्यालय में प्रेस वार्ता हुई।
मीडिया को जानकारी देते हुए डॉ. दुष्यंत चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार ने देशभर के विश्वविद्यालयों का दो श्रेणियों में चयन किया है, जिसमें ए कैटेगरी में सीसीएसयू का चयन हुआ है। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन प्रसारित किया जाएगा।
कार्यक्रम में देश का नाम रोशन करने वाले विभिन्न पदक विजेता और प्रमुख खिलाड़ी शामिल होंगे। छात्र-छात्राओं को इन खिलाड़ियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। खेल प्रतिभाओं, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और खेलों में करियर सहित विभिन्न विषयों पर बातचीत होगी।
उन्होंने बताया कि आयोजन शासन, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस मौके पर स्कूल ऑफ तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार के विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, नेहरू युवा केंद्र के नरेंद्र त्यागी, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता, डॉ. दीपिका वर्मा, निधि शर्मा सहित विभाग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने, देश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों से सीधे संवाद कराने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


No comments:
Post a Comment