बिजली शिकायतों के समाधान का आखिरी मौका, 31 अगस्त तक लगेंगे विशेष कैंप

17,681 शिकायतों में 17,384 का निस्तारण, करीब 98 प्रतिशत मामलों का हुआ समाधान; उपभोक्ताओं से कैंपों का लाभ उठाने की अपील

मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चलाए जा रहे विशेष बिल संशोधन कैंप अब अंतिम चरण में हैं। कैंपों का आयोजन 31 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपने नजदीकी कैंप में पहुंचकर समस्याओं का समाधान कराएं।

विशेष कैंपों में बिजली बिल, मीटर और अन्य विद्युत सेवाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है। उपभोक्ताओं की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। अब तक कैंपों में 17,681 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 17,384 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इस तरह करीब 98 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया जा चुका है।

कार्यालयों में लगाए जा रहे कैंप

विशेष बिल संशोधन कैंप खंडीय, उपखंडीय तथा सहायक अभियंता (वितरण/वाणिज्य) और अधिशासी अभियंता (वितरण/वाणिज्य) कार्यालयों में आयोजित किए जा रहे हैं। उपभोक्ता इन कैंपों में पहुंचकर बिजली बिल, मीटर, टैरिफ और अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याएं दर्ज करा सकते हैं।

इसके अलावा मीटर एवं नॉन-स्मार्ट मीटर, मीटर संबंधी शिकायत, टैरिफ परिवर्तन, मोबाइल नंबर अथवा ई-मेल आईडी अपडेट समेत अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं के लिए भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है।

घर बैठे भी दर्ज कराएं शिकायत

डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं को घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी दी है। उपभोक्ता 1912 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा WhatsApp Chatbot नंबर 7859804803 के माध्यम से भी अपनी समस्या दर्ज कराई जा सकती है।

पीवीवीएनएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि 31 अगस्त कैंपों के आयोजन का अंतिम दिन है, इसलिए वे समय रहते नजदीकी कैंप में पहुंचकर बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कराएं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts