पटना में बस ने युवक को कुचला, मौत के बाद भड़की भीड़; बस और पुलिस की 3 गाड़ियां फूंकीं, NH-30 पर बवाल

पटना। पटना सिटी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हुआ। पहाड़ी पंप हाउस के पास तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 24 वर्षीय मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने एनएच-30 को जाम कर दिया और वाहनों में तोड़फोड़ के साथ आगजनी शुरू कर दी।

मृतक मनीष पहाड़ी इलाके का रहने वाला बताया गया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।

हादसे वाली बस में लगाई आग

हादसे से नाराज लोगों ने सबसे पहले दुर्घटना में शामिल बस में आग लगा दी। इसके बाद कुछ अन्य वाहनों को भी निशाना बनाया गया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब उपद्रव कर रही भीड़ ने पुलिस की तीन गाड़ियों में भी आग लगा दी।

आगजनी के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एनएच-30 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों से भी मारपीट

हंगामे की कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे कुछ मीडियाकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पत्रकारों के कैमरे और माइक भी छीन लिए। इसके बाद मौके पर तनाव और बढ़ गया।

कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीओ और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास शुरू किया।

इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन हालात पर नजर रखी जा रही है।

उपद्रव करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने आगजनी और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे में युवक की मौत के मामले की भी जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts