2 सितंबर को मेरठ बंद का आह्वान, सेटबैक कार्रवाई के विरोध में व्यापारी लामबंद

मेरठ। शास्त्रीनगर में सेटबैक कार्रवाई के विरोध में 2 सितंबर को मेरठ बंद का आह्वान किया गया है। संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति और विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारियों, किसानों और स्कूल संचालकों से समर्थन मांगा है। आंदोलन को लेकर बाजारों में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है।

संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि शास्त्रीनगर, जागृति विहार और माधवपुरम के व्यापारियों के समर्थन में पूरे मेरठ में 2 सितंबर को बाजार बंद रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि संगठन से करीब 690 व्यापार संघ जुड़े हैं और 55 से 60 हजार व्यापारियों से बंद में शामिल होने की अपील की गई है।

समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर और भाकियू धन सिंह कोतवाल के अध्यक्ष नितेश पंवार ने मंगलवार को विभिन्न बाजारों और संगठनों से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) द्वारा कई बाजारों में किए जा रहे सर्वे से व्यापारियों में दहशत है। उनका कहना है कि रोजी-रोटी प्रभावित होने की स्थिति में व्यापारी और किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

75 स्कूल बंद रखने का दावा

स्कूल लीडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवलजीत के अनुसार, करीब 75 स्कूल संचालकों ने 2 सितंबर को स्कूल बंद रखने का आश्वासन दिया है। वहीं मेरठ मंडप एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी समिति ने समर्थन को लेकर वार्ता की।

महिलाओं ने निकाला मार्च

शाम को महिलाओं ने शास्त्रीनगर सेक्टर-2 में मार्च निकालकर लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की। आंदोलन समिति ने हापुड़ रोड, आरटीओ रोड, सूरजकुंड स्पोर्ट्स मार्केट और भगत सिंह मार्केट समेत कई क्षेत्रों में जनसंपर्क किया।

समिति के पदाधिकारियों ने सांसद अरुण गोविल और राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी से भी मामले में हस्तक्षेप की अपील की है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के सामने व्यापारियों की समस्या रखकर समाधान कराने का प्रयास करें।

कमिश्नरी और विश्वविद्यालय में जनसंपर्क

संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति बुधवार को कमिश्नरी और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में छात्र संघ पदाधिकारियों से संपर्क किया।  बेगमपुल क्षेत्र में भी जनसंपर्क अभियान चलाया गया । मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा ने भी 2 सितंबर के मेरठ बंद को समर्थन देने की घोषणा की है।

फिलहाल, सेटबैक कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। 2 सितंबर के प्रस्तावित बंद को लेकर विभिन्न संगठनों को एकजुट करने की कोशिशें लगातार जारी हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts