जिम से निकलते ही हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या
चार हमलावरों ने बरसाईं 20 से ज्यादा गोलियां
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। चार हमलावरों ने उन पर 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। उन्हें शामली सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गाड़ी में बैठते समय बरसाईं गोलियां
जानकारी के अनुसार, शामली के बंतीखेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय अंकित बालियान बुधवार शाम रोज की तरह शहर के आर्यपुरी नाला पटरी स्थित जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे। शाम करीब पौने सात बजे जिम से निकलकर वह अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे। इसी दौरान चार हमलावरों ने पिस्टलों से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अंकित को पांच गोलियां लगीं और वह वहीं गिर पड़े।
फायरिंग की आवाज से आसपास दहशत फैल गई। वारदात के बाद हमलावर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। अभी हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाने से मिली पहचान
अंकित बालियान हरियाणवी संगीत और सोशल मीडिया की दुनिया में सक्रिय थे। वह 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाने को लेकर काफी चर्चित हुए थे। वह मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे और हरियाणा के सोनीपत में भी रहते थे। पिछले कुछ समय से वह अपने गांव में परिवार के साथ रह रहे थे।
जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी की चर्चा
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। वर्ष 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान पता लगाने में जुटी है।


No comments:
Post a Comment