मेरठ में अल्पसंख्यक कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 2027 के लिए संगठन मजबूत करने का शंखनाद
प्रदेश अध्यक्ष सोहेल अख्तर अंसारी बोले—अल्पसंख्यक समाज के हक, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी कांग्रेस
मेरठ। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी मेरठ के तत्वावधान में अल्पसंख्यक कांग्रेस विभाग की महत्वपूर्ण बैठक बॉम्बे बाजार स्थित चैंबर भवन में हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सोहेल अख्तर अंसारी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बैठक में संगठन विस्तार, अल्पसंख्यक समाज से जुड़े मुद्दों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से घर-घर और बूथ-बूथ तक पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनने और उन्हें मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
'अल्पसंख्यक समाज सिर्फ वोट बैंक नहीं'
सोहेल अख्तर अंसारी ने कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज केवल वोट बैंक नहीं है, बल्कि देश के निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग को बराबरी का अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाना है। अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई पार्टी पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
मेरठ जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष गौरव भाटी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को अभी से मजबूत करना होगा। अल्पसंख्यक विभाग कांग्रेस संगठन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे वार्ड से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच जाकर कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों को पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर बूथ स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा किया जाएगा।
सपा छोड़कर इस्लाम खान कांग्रेस में शामिल
बैठक के दौरान शाहजहांपुर कस्बे से जुड़े इस्लाम खान ने समाजवादी पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।
बैठक में अल्पसंख्यक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष सोहेल अख्तर अंसारी का स्वागत किया। इस दौरान वसी अहमद रिजवी, खालिद खान, यूसुफ कुरैशी, शबी खान, हेमंत प्रधान, सय्यद आमिर रजा, उमरदराज, योगी जाटव, डॉ. कर्मेंद्र सिंह, मंजीत सिंह कोचर, डॉ. जफरुल्ला, मास्टर आसिफ, मोनिंदर सूद बाल्मीकि, सुनीता मंडल, संजीदा खान, ताहिर अंसारी, मोहम्मद इमरान, अरुण कौशिक, सय्यद रेहानुद्दीन, बदर महमूद, एसके शाहरुख, अब्दुल सत्तार, इरशाद सैफी, सलाउद्दीन सैफी, मुजीब खान, मासूम असगर, उवैस अंसारी, हाजी शबनूर, रियाजुल्ला खान और सदाकत कुरैशी सहित जिला एवं शहर कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment