खेल महोत्सव-2026 में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
मेरठ, 16 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर पंख हौसलों की उड़ान संस्था के तत्वावधान में द्वितीय खेल महोत्सव-2026 का शुभारंभ बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर, डी-ब्लॉक शास्त्रीनगर में हुआ। आयोजन का उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देने के साथ बच्चों और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए खेलों से जोड़ना है।
महोत्सव में रस्साकसी प्रतियोगिता के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक वर्ग के तीनों आयु वर्गों में PGM इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में तीनों आयु वर्गों में PSD स्कूल, किठौर विजेता रहा।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक सिंगल्स में पर्णव, बालिका वर्ग में अविका, अंडर-17 बालक वर्ग में कुशाग्र और बालिका वर्ग में आशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक सिंगल्स में कुशाग्र तथा बालिका वर्ग में दिव्यांशी विजेता रहीं। डबल्स मुकाबलों में अंडर-14 बालक वर्ग में अंश- अबीर, अंडर-17 में यश-संयम और अंडर-19 में शौर्य-अथर्व राज की जोड़ी ने बाजी मारी।
आयोजकों ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुं. भावना शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिक से अधिक बालक-बालिकाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक एवं प्रतियोगिता अध्यक्ष डॉ. जेवी चिकारा, उपाध्यक्ष डॉ. विनीत त्यागी व डॉ. डीवी कपिल, संयोजक नीरज सोम, खेल निदेशक अशोक त्रिपाठी सहित मनोज कनौजिया, विशाल ठाकुर, नवीता, अनमोल, सोहनपाल, चित्रांश, रजनीश, कवितपाल, पराग त्यागी, रजनीश मित्तल, विनीत सैनी, कुमुद त्यागी, दीपशिखा राघव, धीरज, अंकुर और मोहम्मद नईम आदि मौजूद रहे।



No comments:
Post a Comment