शहजाद पूनावाला ने भाजपा के सभी पदों से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी के सभी पदों और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना इस्तीफा भेजकर इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया। पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पत्र साझा कर इसकी जानकारी दी।
पूनावाला ने अपने इस्तीफे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संघ परिवार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें मार्गदर्शन, सम्मान और अपनी बात रखने का मंच दिया, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद और पार्टी की जिम्मेदारी से विदा ले रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ और ‘मेक इंडिया ग्रेट अगेन’ के मिशन और विजन का समर्थन जारी रखेंगे।
इस्तीफा पत्र में पूनावाला ने 30 जुलाई 2026 को भेजे अपने पिछले पत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला देते हुए पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की पेशकश की थी। पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था और फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था।
पूनावाला ने कहा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं और उनके द्वारा पार्टी नेतृत्व को बताए गए कुछ मामलों के बाद उन्होंने अपने पूर्व निर्णय पर कायम रहने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि वह अब निजी क्षेत्र में जाने का निर्णय ले रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पार्टी की संगठनात्मक व्यवस्था से अलग हो रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के विचारों व कार्यों का जहां संभव होगा, समर्थन करते रहेंगे।


No comments:
Post a Comment