पांच-डे बैंकिंग और पेंशन अपडेट की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

मेरठ। उत्तर प्रदेश बैंक वर्कर्स ऑर्गनाइजेशन के संयुक्त आह्वान पर सोमवार को चौधरी चरण सिंह पार्क, कचहरी में बैंक कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, पेंशन अपडेट करने और ग्रेच्युटी की सीमा बढ़ाने समेत विभिन्न मांगें उठाईं।

संगठन के महामंत्री अनुज त्यागी ने कहा कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से पांच-डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि डिजिटल बैंकिंग और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार के बावजूद कर्मचारियों पर काम का दबाव बना हुआ है। पांच दिवसीय बैंकिंग से कर्मचारियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा।

प्रदर्शनकारियों ने बैंक कर्मचारियों की पेंशन अपडेट करने और ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपये करने की मांग भी उठाई। साथ ही श्रमिक हितों से जुड़े कानूनों में आवश्यक सुधार किए जाने की मांग की गई।

बैंक कर्मचारी नेताओं ने कहा कि पिछले वेतन समझौते के दौरान पांच-डे बैंकिंग की मांग पर केंद्र सरकार की ओर से सैद्धांतिक सहमति की बात सामने आई थी, लेकिन इसे अभी तक लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश बैंक वर्कर्स ऑर्गनाइजेशन, नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक ऑफिसर्स, कोऑपरेटिव बैंक यूनियन, ग्रामीण बैंक यूनियन और नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts