कैलाश प्रकाश स्टेडियम में 2 सितंबर को एथलेटिक्स का महाकुंभ, 600 से ज्यादा खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-15 में देशभर के एथलीट लेंगे हिस्सा; सिंथेटिक ट्रैक पर होगी रोमांचक स्पर्धाएं

मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में 2 सितंबर को इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-15 का आयोजन होगा। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से 600 से अधिक एथलीट प्रतिभाग करेंगे। आयोजकों के अनुसार उत्तर प्रदेश के किसी जिले में इस स्तर की एथलेटिक्स प्रतियोगिता का यह पहला आयोजन है।

सिंथेटिक ट्रैक पर होगी खिलाड़ियों की अग्निपरीक्षा

प्रतियोगिता की सभी स्पर्धाएं स्टेडियम के सिंथेटिक ट्रैक पर पैनल कमेटी के विशेषज्ञों की निगरानी में कराई जाएंगी। विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ी अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर स्टेडियम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों की सुविधाओं और प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं।

उभरते खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का मंच

यूपी एथलेटिक्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष भल्ला ने कहा कि मेरठ में इस स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे प्रदेश और जिले के उभरते एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े आयोजनों से मेरठ में एथलेटिक्स को नई पहचान मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

आयोजन की तैयारियां पूरी

जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव अन्नू कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता की पूरी तैयारी कर ली गई है। खिलाड़ियों के ठहरने, सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। देशभर के नामी एथलीटों के मेरठ पहुंचने से खेल प्रेमियों में भी प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts