बारिश में मेरठ यूपी में सबसे आगे, 100 मिमी से ज्यादा बरसा पानी

शिवरात्रि पर झमाझम बारिश से शहर जलमग्न; बिजनौर में नदियां उफान पर, सहारनपुर में मकान की छत गिरने से सात घायल

मेरठ। सावन की शिवरात्रि पर मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जनजीवन प्रभावित कर दिया। मेरठ में दोपहर तक 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही मेरठ इस मानसून सीजन में प्रदेश का सबसे अधिक बारिश वाला जिला बन गया है। शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने मेरठ समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और देर शाम तक बारिश जारी रहने के आसार हैं।

बारिश के कारण जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं लगातार बरसात ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। प्रमुख सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक पानी भर गया। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

मानसून में सामान्य से 85 फीसदी ज्यादा बारिश

इस मानसून सीजन में मेरठ में सामान्य के मुकाबले अब तक करीब 85 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। मंगलवार की बारिश के बाद मेरठ प्रदेश में सर्वाधिक बारिश वाले जिले के रूप में सामने आया है। सावन की शिवरात्रि होने के कारण बारिश के बीच भी हरिद्वार से कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने मंदिरों में जलाभिषेक किया। मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में बोल बम के जयकारे गूंजते रहे।

बिजनौर में फिर बढ़ा नदियों का जलस्तर

बिजनौर में पहाड़ों पर हो रही तेज बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर दिखाई दे रहा है। गंगा के साथ खो और मालन नदियों का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। जलीलपुर क्षेत्र में स्थिति अधिक चिंताजनक बताई जा रही है। गंगा का पानी गांवों की ओर बढ़ रहा है।

रायपुर खादर के सामने गंगा की धारा में बदलाव से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि यदि गंगा की धारा छोइया नदी की ओर मुड़ती है तो आसपास के कई गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है।

पांडव नगर पुलिस चौकी के पास नारनौर-दत्तियाना मार्ग पर करीब डेढ़ फीट पानी भर गया है। रायपुर और सीकरी गांवों में भी पानी पहुंचना शुरू हो गया है। सुजातपुर गांव का मुख्य मार्ग कट जाने के बाद ग्रामीणों को आवागमन के लिए पगडंडी तैयार करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना के बावजूद अभी तक प्रशासनिक अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं।

सहारनपुर में मकान की छत गिरी, सात घायल

सहारनपुर के तीतरो क्षेत्र के झाड़वन गांव में बारिश के बाद एक मकान की छत भरभरा कर गिर गई। हादसे में गृहस्वामी सावेज, उसकी पत्नी रुबीना और परिवार के पांच बच्चे घायल हो गए।

बताया गया कि मकान लकड़ी की कड़ियों और मिट्टी की छत से बना था। सोमवार की बारिश के बाद छत में नमी आ गई थी। मंगलवार शाम एक कमरे और बरामदे की छत अचानक गिर गई। हादसे के समय परिवार के लोग वहां मौजूद थे और मलबे में दब गए।

चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। हादसे में सभी को मामूली चोटें आई हैं। मकान गिरने से परिवार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। ग्राम प्रधान वसीम ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने मेरठ के अलावा बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बदायूं, रामपुर, संभल, बरेली और मुरादाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और पश्चिमी यूपी के नदी किनारे बसे क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts