मेरठ की बेटी ने बढ़ाया मान, देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारियों में शामिल हुईं IPS अदिति सिंह
पंचकुला की DCP अदिति सिंह को फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की सूची में जगह, कानून-व्यवस्था और जनमित्र पुलिसिंग में उत्कृष्ट कार्य का मिला सम्मान
मेरठ। मेरठ की बेटी और वर्तमान में पंचकुला में डीसीपी के पद पर तैनात आईपीएस अदिति सिंह ने अपनी कार्यशैली से शहर का गौरव बढ़ाया है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की ओर से जारी देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारियों की सूची में अदिति सिंह को शामिल किया गया है। अधिकारियों का चयन अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, नेतृत्व, नवाचार और जनमित्र पुलिसिंग समेत विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया है।
हरियाणा सेक्शन में अदिति सिंह का नाम डीसीपी एमडीसी जोन, पंचकुला के रूप में दर्ज है और राज्य की सूची में उनका नाम सबसे ऊपर है। सूची में उत्तर प्रदेश के भी 10 पुलिस अधिकारियों को स्थान मिला है।
सोफिया गर्ल्स स्कूल की पुरातन छात्रा हैं अदिति
वर्ष 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह मेरठ के प्रतिष्ठित सोफिया गर्ल्स स्कूल कैंट की पुरातन छात्रा हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में हाईस्कूल और 2013 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद वर्ष 2017 में अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया।
अदिति का परिवार मेरठ की डिफेंस एन्क्लेव, कंकरखेड़ा में रहता है। उनके पिता डॉ. संजीव सिंह एमडी फिजिशियन हैं, जबकि मां ज्योति सिंह मेरठ तहसील में वरिष्ठ सहायक हैं।
पढ़ाई के साथ खेल और सामाजिक गतिविधियों में भी आगे
अदिति की मां ज्योति सिंह के अनुसार, उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। वह नृत्य में भी पारंगत हैं और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुनी जा चुकी हैं। कॉलेज के दौरान वह वालीबाल टीम की कप्तान भी रही हैं। समाज सेवा की भावना भी उनमें बचपन से रही है।
आईपीएस बनने के बाद अदिति की पहली तैनाती हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में एएसपी के रूप में हुई थी।
कई मानकों पर किया गया मूल्यांकन
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के मुताबिक, 100 पुलिस अधिकारियों की सूची तैयार करने में पुलिस नेतृत्व, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनोन्मुख पुलिसिंग सहित कई पहलुओं का मूल्यांकन किया गया। जिला पुलिस प्रमुखों के अलावा पुलिस की महत्वपूर्ण इकाइयों का नेतृत्व करने वाले अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया गया है।
अधिकारियों के चयन के लिए आधिकारिक आंकड़ों, प्रशासनिक स्रोतों, मीडिया रिपोर्टों, विशेषज्ञों की राय, सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सूचनाओं और क्षेत्रीय फीडबैक का इस्तेमाल किया गया। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था में सुधार, नेतृत्व, नवाचार, जवाबदेही, पारदर्शिता, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन और जनसंपर्क जैसे पहलुओं को भी मूल्यांकन का आधार बनाया गया।
यूपी के 10 पुलिस अधिकारियों को भी जगह
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की सूची में उत्तर प्रदेश के 10 पुलिस अधिकारी शामिल हैं। इनमें चंदौली के आकाश पटेल, बरेली के अनुराग आर्या, मिर्जापुर की अपर्णा रजत कौशिक, ईस्ट जोन लखनऊ की दीक्षा शर्मा, गोरखपुर के डॉ. कौस्तुभ, एटा के इलामारन जी, संभल के केके विश्नोई, आंबेडकरनगर की प्राची सिंह, गाजीपुर के डॉ. इराज राजा और अमेठी के सर्वानंद टी शामिल हैं।
टॉप-25 सूची पर रहेगी नजर
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट की ओर से जारी 100 अधिकारियों की सूची अंतिम रैंकिंग नहीं है। अगले चरण में अधिकारियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके बाद देश के टॉप-25 पुलिस कप्तानों की विशेष सूची तैयार की जाएगी। चयनित अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment