आजम खान से जुड़े 10 ठिकानों पर ED की छापेमारी, जौहर यूनिवर्सिटी भी जांच के घेरे में

रामपुर/सहारनपुर/नई दिल्ली, 19 अगस्त। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की। ED के लखनऊ जोनल कार्यालय की टीम ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 17 के तहत रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में कुल 10 परिसरों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इनमें रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी भी शामिल हैं।

ED के अनुसार, जांच सरकारी ठेकों से प्राप्त धनराशि को कथित तौर पर निजी ठेकेदारों के माध्यम से ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी की ओर डायवर्ट किए जाने से जुड़ी है। एजेंसी को कुछ ठेकेदारों और ट्रस्ट के बीच वित्तीय लेनदेन की जानकारी मिलने के बाद इन स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

तीन शहरों में एक साथ कार्रवाई

ED की टीम ने रामपुर के जौहर नगर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी के अलावा सहारनपुर और दिल्ली में भी कई परिसरों को खंगाला। सहारनपुर में सिल्वा मार्केट स्थित सीए दीपक गुप्ता के कार्यालय और आवास, जबकि दिल्ली के जामिया नगर में सैयद खालिद के आवास पर भी तलाशी ली गई।

रामपुर में ए एंड एस एंटरप्राइजेज, पीपल टोला स्थित सीके एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, पवन कुमार जैन तथा जेल रोड क्षेत्र में शाहीन खान के आवास को भी कार्रवाई के दायरे में शामिल किया गया है।

वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की जांच

जांच एजेंसी के मुताबिक, कुछ ठेकेदारों ने सरकारी ठेकों से कथित रूप से प्राप्त रकम को ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी की ओर स्थानांतरित किया। आरोप है कि इस धनराशि का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट की संपत्तियों के निर्माण सहित अन्य कार्यों में किया गया।

तलाशी के दौरान ED की टीम वित्तीय दस्तावेजों, लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। एजेंसी कथित अपराध से अर्जित आय का स्रोत और उसके इस्तेमाल की पूरी कड़ी का पता लगाने में जुटी है।

ED की यह कार्रवाई अभी जांच का हिस्सा है। तलाशी के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts