FBI ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को किया वांटेड घोषित, जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा होने का आरोप

नई दिल्ली, 19 अगस्त। अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया है। एफबीआई के मुताबिक मेजर सिंह का संबंध जग्गू भगवानपुरिया गैंग से है और वह एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा है। एजेंसी के अनुसार इस नेटवर्क की गतिविधियां अमेरिका सहित कई देशों तक फैली हुई हैं।

RICO एक्ट के तहत गंभीर आरोप

एफबीआई के अनुसार मेजर सिंह पर अमेरिका में RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations) एक्ट के तहत आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा उस पर बिना लाइसेंस हथियारों की खरीद-फरोख्त और नशीले पदार्थों की सप्लाई व बिक्री की साजिश में शामिल होने के आरोप भी हैं।

मेजर सिंह के खिलाफ अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में मामला दर्ज है। एफबीआई के मुताबिक उसके खिलाफ 25 जून 2026 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। एजेंसी फिलहाल उसकी तलाश कर रही है और उसके बारे में जानकारी रखने वाले लोगों से सहयोग की अपील की गई है।

जग्गू भगवानपुरिया गैंग से कनेक्शन

एफबीआई के मुताबिक मेजर सिंह पंजाब में सक्रिय रहे जग्गू भगवानपुरिया के संगठित आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। एजेंसी का आरोप है कि इस नेटवर्क की गतिविधियां बाद में अमेरिका तक फैल गईं। नेटवर्क पर अवैध हथियारों के कारोबार, ड्रग्स तस्करी और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

अमेरिकी जांच के अनुसार, इस नेटवर्क की गतिविधियों का दायरा भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको तक फैला हुआ है।

FBI ने जारी किया हुलिया

एफबीआई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मेजर सिंह का जन्म 20 जुलाई 1997 को हुआ था और उसकी राष्ट्रीयता भारतीय बताई गई है। उसका कद करीब 5 फीट 8 इंच और वजन लगभग 182 पाउंड बताया गया है। एजेंसी ने उसके बाल और आंखों का रंग काला बताया है।

एफबीआई ने ये पहचान संबंधी विवरण उसकी तलाश और गिरफ्तारी में आम लोगों की मदद लेने के उद्देश्य से सार्वजनिक किए हैं।

अमेरिका में भगवानपुरिया गैंग पर कार्रवाई तेज

गौरतलब है कि अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी की कार्रवाई में जग्गू भगवानपुरिया और उसके कई सहयोगियों पर अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क चलाने से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अमेरिकी अभियोजन पक्ष के अनुसार, इस नेटवर्क पर लॉस एंजिलिस से कनाडा के वैंकूवर तक कोकीन की कथित तस्करी की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts